बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विभागीय स्तर से लगातार कार्यों को विस्तार दिया जा रहा है। अब बिजनेस प्लान के तहत 14 करोड़ रुपये से चार बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। वहीं, तीन 33 केवीए के बिजलीघरों की नई लाइन डालकर 132 केवीए के बिजलीघरों से जोड़ी जाएगी। यह बिजलीघर धनौरा व गजरौला क्षेत्र से जुड़े हैं। इससे 60 गांवों के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। जल्द ही काम भी शुरू हो जाएगा।
बिजली विभाग ने शासन को बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत विद्युत वितरण खंड में नए काम कराए जाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजे है। इसमें ख्यालीपुर ढाल के पास नया बिजलीघर बनाने और ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि को मंजूरी दिए जाने की मांग रखी गई है। जिन उपकेंद्रों की लाइन पुरानी होने के कारण जर्जर हो गई है, उनको बदलवाने की मांग की गई। अधिशासी अभियंता द्वारा भेजे गए प्रस्तावों में क्षमता वृद्धि और लाइन बदले जाने की मांग को आला अफसरों ने गंभीरता से लेकर मंजूरी दे दी। स्वीकृत किए कार्यों में वितरण खंड में 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
10-10 एमवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे
अधिशासी अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि वितरण खंड के अंतर्गत आ रहे बछरायूं, जलालपुर कलां, मूंढ़ा खादर व डींगरा बिजलीघर में इस समय पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगे हैं। जबकि, चारों बिजलीघर पर भार अधिक है। इस कारण निर्बाध आपूर्ति में दिक्कत सामने आती है। भीषण गर्मी में ओवरलोड के चलते आए दिन तार फुंकते रहते हैं। ओवरलोड की समस्या दूर करने के लिए चारों बिजलीघरों पर दस-दस एमवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। क्षमता वृद्धि के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिलेगी।
इन बिजलीघरों की खींची जाएगी नई लाइन
33 केवीए के बिजलीघर डींगरा, धनौरा और मलेशिया को अब तक 132 केवीए बछरायूं देहात बिजलीघर से आपूर्ति की जाती है, जो इस समय ओवरलोड से जूझ रहा है। ओवरलोड दूर करने के लिए तीनों बिजलीघरों को हटाकर पीपली तगा में बन रहे 132 केवीए बिजलीघर से जोड़ा जाएगा। पीपली तगा बिजलीघर से डींगरा उपकेंद्र 15-16 किमी, मलेशिया-9 किलोमीटर दूर है। धनौरा उपकेंद्र की दूरी 12-13 किलोमीटर है। तीनों बिजलीघरों को पीपली तगा बिजलीघर से जोड़ने के लिए करीब 38 किमी 33 हजार वोल्टेज की लाइन खींची जाएगी। नई लाइन खींचने और बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि पर 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
-
तीनों बिजलीघरों से जुड़े हैं 60 गांव
अधिशासी अभियंता ने बताया कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। हाल ही में बिजनेस प्लान के तहत बछरायूं, जलालपुर कलां, मूंढ़ा खादर व डींगरा जलालपुर बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति मिली है। इससे आसपास के 60 गांवों के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग व फाल्ट की निजात मिल सकेगी।