अमरोहा। ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के अभियान के तहत तहसील प्रशासन ने 23 गांवों में अभियान चलाकर अस्थायी कब्जा हटवाया गया। जबकि स्थायी कब्जे को मुक्त कराने के लिए 16 कब्जाधारकों के खिलाफ वाद दायर करने की कार्रवाई की गई है। तहसीलदार ने बताया कि अभियान के तहत अभी और गांवों में भी इस तरह के कब्जे हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम राजेश कुमार त्यागी ने जिले भर में अभियान चलाकर ग्राम समाज, पोखर, खलियान, तालाब और चरागाह आदि की जमीन को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत अमरोहा तहसील में नायब तहसीलदार योगेश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। तहसीलदार हेमंत कुमार गुप्ता ने बताया कि नवंबर माह में चलाए गए अभियान में 23 गांवों में चकमार्ग खाते की भूमि, तालाब, खेल के मैदान, खाद के गढ्डे, खलिहान आदि की भूमि से अस्थायी अतिक्रमण को हटवा दिया गया है। वहीं स्थायी अतिक्रमण हटाए जाने के लिए 16 कब्जाधारकों के खिलाफ संबंधित नियमों के तहत वाद दायर करने की कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार ने बताया कि अभियान फिलहाल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्तियों पर कब्जा किया हुआ है, वह तत्काल उसे खाली कर दें, अन्यथा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि ये अभियान आठ से 26 नवंबर तक चला था।