हड्डियों में दर्द से लोग कराह रहे है। जांच में मरीजों में कैल्शियम की कमी सामने आ रही है। साथ ही विटामिन-डी भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है। इस कारण हड्डियों की बीमारी से संबंधी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ऐसी बीमारी के 100 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे है। करीब एक माह पहले इनकी संख्या 50 थी।
जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. केसी तिवारी ने बताया कि लंबे समय तक कैल्शियम की कमी बने रहने से शरीर में अन्य गंभीर बीमारी भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि खानपान पर ध्यान न देने के कारण हड्डियों के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अच्छे खानपान व धूप की सिकाई न मिलने से यह समस्या सामने आ रही है। इससे लोगों को जोड़ों का दर्द की समस्या भी हो रही है। असहनीय दर्द होने के कारण रोगियों को बैठने और सही तरीके से खड़े होने में भी परेशानी होती है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 से ज्यादा हड्डी से संबंधी रोगी इलाज कराने पहुंच रहे है। एक माह पहले इनकी संख्या आधी थी। वहीं, इस तरह की शिकायत 17 से लेकर 19 और 45 साल से ऊपर वालों में दिख रही है, जो चिंताजनक है।
वहीं, गर्भवती महिलाएं भी कमर में दर्द की शिकायत लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे रहे है, जिनमें आयरन की कमी देखने को मिल रही है।