नौगांवा सादात। गांव जाजरू निवासी मछली कारोबारी से कार सवार चार बदमाशों ने मारपीट की। कार में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जाजरू गांव निवासी असलम मछली खरीदकर बेचने का काम करते हैं। शनिवार को उनके पास दो अन्जान नंबर से कॉल आई और उन्होंने मछली बेचने की बात कही। दोपहर करीब 2:30 बजे असलम के बुलाने पर चारों कार से तालाब के पास आए और किसी बबली प्रधान के घर जाकर बात करने को कहा। इस बीच चारों बदमाश असलम को कार में बैठने की कोशिश करने लगे लेकिन असलम ने बाइक से चलने की बात कही और वह कार के आगे अपनी बाइक से चलने लगे।
जाजरू गांव के जंगल में सरकारी कुएं के पास जाकर कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर भीड़ जमा हुई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। असलम का आरोप है कि बदमाशों के पास अवैध हथियार भी थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में कार सवार चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।