अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा पर लगे तिगरी मेले के समाप्त होने के बाद रोडवेज की सभी बसें अपने निर्धारित मार्गों पर दौड़ेंगी। मेले के दौरान मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ, बिजनौर के रूट पर बसों का संचालन बंद हो गया था लेकिन शुक्रवार से फिर सभी रूटों पर बस चलेंगी।
परिवहन निगम ने तीन दिन में तिगरी मेले में बस चला कर प्रतिदिन लाखों रुपये की कमाई की है। तिगरी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सवारियों की दिक्कत न हो इसके लिए परिवहन निगम ने मुरादाबाद मंडल से 155 बसें लगाई थीं। इनमें अमरोहा डिपो की 50 बसें शामिल थी। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले तिगरी मेले में जिले के अलावा आसपास के तमाम जनपदों के श्रद्धालु आए थे। चार नवंबर की सुबह से डिपो से हर दस मिनट में बस मिली।
तिगरी मेले में बस चलने के कारण मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, मेरठ रूट पर बसों का संचालन बंद हो गया था। जिसके चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एआरएम केसी गोड़ ने बताया कि ने शुक्रवार की सुबह से सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। सभी बसे अपने निर्धारित समय समय से चलेंगी।