अमरोहा। दीपावली से लेकर छठ पूजा तक रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी हैं। परिवहन विभाग ने त्योहार पर बसों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं, लोकल रूटों पर बसों के फेरे दीपावली से तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक यानी भैया दूज तक जारी रहेंगे।
इस साल दीपावली 20 अक्तूबर को है। इसके बाद 23 अक्तूबर को भैया दूज मनाया जाएगा जबकि नहाय-खाय के साथ 25 अक्तूबर को छठ पूजा शुरू होगी। दूरदराज के यात्रियों को सुविधा देने के लिए अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्लान भी तैयार लिया गया है। दिल्ली, मेरठ, अलीगढ़, देहरादून समेत अन्य लंबे रूटों पर दस अतिरिक्त बसें लगेंगी जिससे दीपावली पर घर आने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। वहीं, इस बार यात्रियों को दीपावली से लेकर छठ पूजा तक स्पेशल सेवा मिलेगी जो 18 से 26 अक्तूबर तक मिलेगी।
वर्कशॉप में पुरानी बसों की मरम्मत की जा रही
एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि दीपावली पर बसों के फेरे बढ़ाने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। मौजूदा समय में डिपो में 102 बसें संचालित हैं जो लोगों को दिल्ली, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ समेत जगहों पर पहुंचाती हैं। वर्कशाप में रखी पुरानी बसों को मरम्मत करके तैयार किया जा रहा है। पिछले दिनों कुछ नई बसें भी मिली हैं। दिल्ली और आगरा रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, जिससे मुसाफिरों को परेशानी न हो। भाई दूज पर अतिरिक्त बस चलाने के लिए चालक-परिचालकों के लिए भी विशेष योजना बनाई जाएगी। लोकल रूटों पर भी बसों के फेरे बढ़ाये जाएंगे। जिससे यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।