गजरौला के नॉर्दन इंडिया पब्लिक स्कूल बस की फर्जी नंबर प्लेट को लगाकर हापुड़ में डग्गामारी करते एक दूसरी बस पकड़ी गई। बस संचालक ने बस को छुड़ाने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट हापुड़ से आदेश भी करा लिया। स्कूल चेयरमैन ने परिवहन आयुक्त से फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नॉर्दन इंडिया पब्लिक स्कूल के चेयरमैन राकेश मोहन गर्ग ने प्रदेश के परिवहन आयुक्त को पत्र भेजा है। पत्र में कहा है कि उनका गजरौला थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्कूल चल रहा है। जिसमें यूपी-23 टी 2020 नंबर की बस चल रही है। जिससे विद्यार्थियों को लाया ले जाया जाता है। 29 सीटर बस का अमरोहा एआरटीओ कार्यालय में पंजीकरण भी है। बस उनके स्कूल में खड़ी है। मगर उनकी बस के फर्जी नंबर प्लेट को इस्तेमाल कर हापुड़-मेरठ रूट पर चलाया जा रहा था।
फर्जी नंबर प्लेट के आधार पर चल रही बस का हापुड़ पुलिस ने चालान कर दिया। जानकारी करने पर पता चला कि जिस बस का चालान किया गया है, उसका असली नंबर यूपी-23 टी 2015 है। बस किसी शराफत नाम के व्यक्ति पर दर्ज है। उसने अपनी बस को छुड़ाने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट हापुड़ से आदेश करा लिया। स्कूल चेयरमैन ने परिवहन आयुक्त से मांग की है कि फर्जी नंबर प्लेट से बस चला रहे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पत्र की प्रति लिपि उन्होंने हापुड़ उप जिला मजिस्ट्रेट, एआरटीओ अमरोहा व हापुड़ को भेजी है।