सुबह सात बजे तक मौसम में नमी दिख रही है। इसलिए लोगों को घर से बाहर निकलने में सुकून महसूस हो रहा है, लेकिन आठ बजे के बाद मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है और धीरे-धीरे गर्मी चरम पर पहुंच रही है। 11 बजे से तेज धूप और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। दोपहर 12 बजे से गर्मी और तपिश शुरू हो रही है और शाम पांच बजे तक जारी रहती है। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
वहीं आने वाले रविवार तक गर्मी का पारा 42 से 43 डिग्री के बीच रहेगा। ऐसे में लोगों को और परेशानी झेलनी पड़ेगी। वहीं तेज लू के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। तेज धूप में हवा का झोंका गर्म हो रहा है। गर्म हवा के थपेड़े में पड़ने से लोग बीमार भी हो रहे हैं। लोग बुखार और डायरिया से पीड़ित हो रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में 1139 मरीजों की ओपीडी हुई, जबकि वार्ड में बुखार और डायरिया के 29 मरीज भर्ती मिले। इनमें 11 बच्चे शामिल हैं। चिकित्सकों ने लोगों को गर्म हवाओं और तेज धूप से बचने की सलाह दी है। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पीने को कहा है।