Bus collided with a truck laden with sariya on the highway, 15 passengers injured
- फोटो : HASANPUR
बरेली से दिल्ली जा रही कौशांबी डिपो की बस नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के हादसे का शिकार हो गई। माना जा रहा है कि झपकी आने से चालक नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े सरियों से लदे ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चालक-परिचालक सहित पंद्रह यात्री घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर रुप से घायल पांच यात्रियों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
कौशांबी डिपो की बस शुक्रवार रात चालक राजा बाबू परिचालक आकाश के साथ बरेली से यात्रियों को बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के चार बजे के करीब बस गजरौला थाना क्षेत्र में सलारपुर गांव के करीब पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे खड़े सरियों से लदे ट्रक में पीछे से टकरा गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचवाया। इस हादसे में बस में सवार उसके चालक परिचालक के अलावा बरेली जिले के आजादनगर मोहल्ला निवासी जैबुल निशा उनकी पुत्री खुशबू, पुत्र अरमान, बरेली के किला थाना क्षेत्र के निवासी मोहम्मद शादाब आलम, पुराना शहर बरेली निवासी नौशाद, शादाब, रिजवान और दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी आनंद राज सहित 15 यात्री घायल हुए। सीएचसी के डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल चालक राजाबाबू, परिचालक आकाश यात्री खुशबू, शादाब आलम, रिजवान को रेफर किया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार कराया जा रहा है।