हसनपुर। सराफा व्यापारी से 90 हजार रूपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के चामुंडा रोड पर सर्राफा व्यापारी अजय वर्मा का परिवार रहता है। उनकी मुख्य बाजार में सोने चांदी की दुकान है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह वह दुकान पर बैठे थे। तभी एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा, वह युवक पहले भी दुकान पर कई बार आता जाता था। अजय वर्मा से अपनी सोने की अंगूठी बेचने की बात कहने लगा। इसी बीच युवक द्वारा अजय वर्मा से उनका मोबाइल मांगा और कहा कि उसकी पत्नी ससुराल गई हुई है। वह अंगूठी बेचने के विषय में उससे बात करना चाहता है। अजय वर्मा ने बात करने के लिए मोबाइल दे दिया। आरोप है कि युवक ने नंबर डायल करके कहा कि घंटी जा रही है। लेकिन फोन नहीं उठ रहा। व्हाट्सएप पर कॉल करके देखता हूं। दुकानदार को कुछ शक हुआ तो उन्होंने मोबाइल वापस ले लिया। इसके बाद युवक वहां से चला गया। बाद में दुकानदार ने अपना मोबाइल चेक किया तो उनके खाते से 90 हजार रूपये कट चुके थे। दुकानदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। घटना से व्यापारियों में रोष है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद