अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में गांव जेबड़ा स्थित मदरसे को अवैध बताते हुए प्रशासन ने जेसीबी ?
- फोटो : HASANPUR
ग्राम समाज की भूमि पर बने मदरसे पर चला बुलडोजर
हसनपुर/सैदनगली(अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र के जेबड़ा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर बने मदरसे को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा मदरसे में सामूहिक नमाज कराए जाने की शिकायत पर की गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम और सीओ फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे।
एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि जेबड़ा गांव में अवैध तरीके से मदरसे का संचालन किए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी। शुक्रवार को मदरसे में सामूहिक नमाज होने के आरोप को लेकर दूसरे वर्ग के लोगों और मदरसा संचालक में विवाद भी हो गया था। जांच की तो पता चला कि यह मदरसा ग्राम समाज की जमीन पर अवैध तरीके से बनाया गया था। कुछ समय पहले इसका निर्माण मकान के रूप में किया गया था। धीरे-धीरे इस भवन को मदरसे का रूप दे दिया गया। फिर वहां सामूहिक नमाज पढ़ी जाने लगी। ग्राम प्रधान और कई ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की। साथ ही इस मामले में कार्रवाई की मांग की।
मदरसे के अवैध तरीके से निर्माण और उस स्थान पर नमाज की नई परंपरा की जानकारी पर डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर शनिवार सुबह दो जेसीबी मशीन और पुलिस-पीएसी के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में उस भवन को ध्वस्त कर दिया गया, जिसमें मदरसे के संचालन के साथ सामूहिक नमाज कराई जाती थी।
एसडीएम ने बताया कि यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद की गई है। इस मामले में दोषियों के खिलाफ एंटी भूमाफिया और राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।