हसनपुर क्षेत्र में छुट्टा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब घर के बाहर खड़े बुजुर्ग किसान करण सिंह पर किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें कई बार पटका। जिससे उनकी मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं के नहीं पकड़े जाने पर रोष जताते हुए हंगामा किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहारी खादर की है। गांव 70 वर्षीय किसान करण सिंह पुत्र कलवा सिंह सोमवार की सुबह 7:00 बजे अपने घर के बाहर रास्ते के किनारे लगे नल पर हाथ धो रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आए एक छुट्टा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें कई बार पटका। जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ वहां एकत्र हो गई और लाठी-डंडों से सांड़ को दौड़ा दिया। घायल किसान को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। किसान की मौत के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया।
ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं के नहीं पकड़े जाने पर रोष प्रकट करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाने से पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया। बाद में परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक ने अपने पीछे चार बच्चे छोड़े हैं।
सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि सांड़ के हमले में किसान की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। वहीं, मृतक का अंतिम संस्कार भी नहीं कराया गया है।
छुट्टा पशुओं को लेकर ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
क्षेत्र के गांव लुहारी खादर में छुट्टा पशुओं की संख्या अधिक है। सांड़ के हमले में किसान की मौत के बाद से ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी है कि यदि छुट्टा पशुओं को शीघ्र ही नहीं पकड़ा गया तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
कहा कि पहले भी कई बार छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग की जा चुकी है। लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सांड़ के हमले में हुई किसान की मौत दुखद घटना है। सांड़ पकड़ने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। हिंसक सांड़ों को पकड़वाते हुए उन्हें गोशाला भिजवाया जाएगा। मामले की जांच के लिए राजस्व टीम को भेजा जाएगा। -भगत सिंह, एसडीएम