आदमपुर थाना इलाके में बदमाशों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने सोमवार रात पुलिस को चुनौती देते हुए छह दुकानों को निशाना बना लिया। चोरों ने सभी दुकानों की छत काटकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अलग-अलग दुकानों व स्कूल समेत करीब एक लाख रुपये की नगदी साफ कर दी।
चोरी की वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बाजार बंदी का एलान करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। समझाने की कोशिश पर पुलिस नोकझोंक भी हुई। सीओ के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद ग्यारह बजे बाजार खुल सका।
गांव ढबारसी में बस स्टेंड पर रोज की तरह व्यापारियों ने सोमवार देर शाम करीब सात-आठ बजे तक अपनी-अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए थे। लेकिन रात में बदमाशों ने एक-दो नहीं बल्कि छह दुकानों को एक साथ निशाना बना लिया। पुलिस को चुनौती देते हुए बदमाशों ने विजयपाल सैनी पुत्र गैंदा सिंह की खाद बीज की दुकान की छत काटकर गल्ले में रखी 15 हजार की नगदी साफ कर दी, इसके बाद ब्रजेश पुत्र रामकुमार की तीन दुकानों जिनमें खल चोकर, अनाज की दुकान व एक गोदाम को निशाना बनाया गया।
तीनों दुकानों से 30 हजार की नगदी साफ कर ली गई, इसके बाद मुकेश पुत्र हरनरायण सिंह की पेटी डीजल डीलर व खाद की दुकान की छत काटकर गल्ले में रखे 25 हजार रुपये साफ कर दिए साथ ही विवेक गोयल पुत्र वीरेंद्र गोयल की खल चोकर की दुकान की छत काटकर 10 हजार की नगदी चोरी कर ली गई। इसके बाद चोर ताले तोड़कर सोनल स्टार पब्लिक स्कूल में दाखिल हो गए। प्रबंधक कार्यालय में सेफ अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये चोरी कर लिए।
मंगलवार सुबह जब व्यापारियों को दुकानों में हुई चोरी की जानकारी मिली तो होश उड़ गए। एक ही रात में छह दुकानों में चोरी की वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने एकत्र होकर बाजार बंदी का एलान कर दिया। सुबह करीब नौ बजे व्यापारियों ने धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिरा दिए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही आदमपुर से एसएसआई किरनपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान व्यापारियों की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ ओमपाल सिंह ने व्यापारियों को समझाया और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया, तब जाकर करीब ग्यारह बजे बाजार खुल सका। इस दौरान राजीव गोयल, आशीष गोयल, विनीत शर्मा, दीपक गुप्ता, सीताराम भाटी, मुन्शरिफ मलिक, मुकेश कुमार, सुशील सक्सेना, सुबोध गोयल, धर्मेश त्यागी, राजेंद्र नागर, कैसर परवेज, मुनेश त्यागी, आदित्य त्यागी, अमन गोयल, अमरीश त्यागी, प्रमोद गुप्ता आदि रहे।