जोया (अमरोहा)। बिजली गिरने से भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। राजस्व विभाग की टीम मौके पर जांच करने पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस कार्रवाई करने से मना कर दिया। इसके बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
हादसा डिडौली कोतवाली क्षेत्र में पाकबड़ा-कैलसा रोड स्थित भट्ठे पर हुुआ। क्षेत्र के गांव ब्राह्मणों वाली मढ़ैया में अख्तर अली का परिवार रहता है। उनके पांच बेटे हैं। बड़ा बेटा अंसार अली भट्ठे पर ईंट थापने का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी नूरजहां के अलावा चार बच्चे हैं। गुरुवार को वह ईंट थापने के लिए मिट्टी तैयार कर रहा था। तभी अचानक बिजली तड़क कर गिर पड़ी। जिसकी चपेट में आकर उसकी मौके पर मौत हो गई। लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बिजली गिरने की खबर मिलते ही तहसीलदार शमीम अहमद, कानूनगो अकबर अली और हलका लेखपाल चंद्रप्रकाश मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।