अमरोहा। कोहरे की दस्तक ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित करने के साथ ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया। छपरा से दिल्ली और दिल्ली से छपरा चलने वाली लोकनायक एक्सप्रेस कोहरे के चलते रद्द कर दी गई। जबकि, चार ट्रेनें अपने समय से कई-कई घंटे देरी से पहुंची। इस दौरान यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हर दिन कोहरे और धुंध का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। जिसके कारण ट्रेनें कई घंटे की देरी से पहुंच रहीं हैं। शनिवार को लोकनायक एक्सप्रेस कोहरे के चलते रद्द कर दी गई। वहीं, जबकि सत्याग्रह एक्सप्रेस दो घंटा पैंतालीस मिनट, नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटा दस मिनट, सद्भावना एक्सप्रेस तीन घंटे, पदमावत एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से पहुंची। जबकि काशी विश्वनाथ 45 मिनट लेट पहुंची। स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र सिंह का कहना है कि कोहरा अधिक होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो रही है। जिस कारण ट्रेनें पीछे से ही देरी से चल रही हैं और गंतव्य को भी देरी से पहुंच रही हैं।