अमृत भारत योजना में शामिल अमरोहा रेलवे स्टेशन के विस्तार और सौंदर्यीकरण का कार्य पिछड़ गया है। काफी तोड़फोड़ होने के बाद अब फुट ओवरब्रिज और अन्य कार्यों के लिए दोबारा से लेआउट तैयार हो रहा है। जिससे स्टेशन पर यात्रियाें को न तो वेटिंग हॉल की सुविधा मिल पा रही है और न ही पार्किंग की। सर्दी के मौसम में यात्रियों को खुले में बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।
फरवरी 2025 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। हालांकि, अभी तक 25 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। ऐसे में समय से काम पूरा होना मुश्किल है। भारत सरकार की ओर से फरवरी 2023 में अमृत भारत स्टेशन योजना की घोषणा की थी। इसके लिए अमरोहा रेलवे स्टेशन का चयन हुआ। 5.33 करोड़ रुपयों से स्टेशन के विस्तार, विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर कई कार्य होने हैं। अगस्त 2023 में निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसके लिए वेटिंग हॉल, पार्किंग स्थल, डाक पार्सल गोदाम आदि को तोड़ा गया। 15 महीने बीतने के बाद भी यहां का निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
वेटिंग हॉल के लिए पिलर तो काफी समय खड़े कर दिए, लेकिन कार्य बंद पड़ा है। वर्तमान स्थिति यह है कि स्टेशन परिसर पर टिकट खिड़की और अधिकारियों और स्टाफ के लिए वार्तालाप हॉल का निर्माण हो सका है। जबकि, परिसर में जगह-जगह गड्ढा ही नजर आ रहे हैं। बता दें कि यहां पर यात्री प्रतीक्षालय, इज्जत घर, कंट्रोल रूम और कैंटीन के अलावा ओवरब्रिज पार्किंग स्थल का निर्माण होना है।
ठंड में खुले में बैठने को मजबूर यात्री
रेलवे स्टेशन पर शुरू हुए निर्माण कार्य को 15 माह बीत चुके हैं। लेकिन, कार्य मात्र बाद भी मात्र 25 प्रतिशत ही हो सका है। वेटिंग हॉल, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और प्लेट फार्म का निर्माण लटका पड़ा है। ऐसे में यात्रियों को प्लेट फार्म पर खुले में बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म पर टीन शेड भी अब मौजूद नहीं है। जिससे यात्री बेबस नजर आते हैं।
दोबारा तैयार हो रहा लेआउट
विकास और विस्तार के लिए चयनित स्टेशन का पूर्व में लेआउट तैयार हुआ था। लेकिन, किन्ही कारणों को लेआउट सही नहीं रहा। जिसके बाद अब फुट ओवरब्रिज, पार्किंग व अन्य निर्माण के लिए दोबारा से ले आउट तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों कहना है कि ले आउट जल्द ही पास होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
शेड भी नहीं हुए तैयार
स्टेशन पर अन्य निर्माण कार्य के साथ-साथ प्लेटफार्म पर टाइल्स, नए शेड भी बनने थे, लेकिन कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है। पहले यात्रियों ने गर्मी झेली तो अब सर्दी झेलने का बेबस हैं।
- मुरादाबाद दिशा की ओर बनने वाले फुट ओवरब्रिज व अन्य निर्माण कार्य के लिए दोबारा से ले आउट तैयार हो रहा है। जिसके चलते कार्य में देरी हो रही है। उम्मीद है कि जल्द ही ले आउट तैयार हो जाएगा। जिसके बाद जल्द कार्य शुरू होगा। निर्माण एजेंसी द्वारा अन्य कार्य में तेजी लाने को कहा गया है।
- अनिल कुमार,
सीनियर सेक्शन इंजीनियर, रेलवे