अमरोहा-नौगांवा सादात रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार छोटे (25) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त मोहित दिवाकर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बाइक सवार छोटे नौगांवा सादात क्षेत्र के नौगांवा तगा गांव निवासी लाल सिंह का बेटा था। चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का छोटे मजदूरी करता था। उसके राशन डीलर पिता लाल सिंह की भी मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर छोटे गांव के ही रहने वाले दोस्त मोहित दिवाकर के साथ बाइक से अमरोहा जा रहा था। मोहित दिवाकर बाइक चला रहा था। जैसे ही दोनों अमरोहा-नौगांवा सादात रोड स्थित एक डिग्री कॉलेज के सामने पहुंचे। तो सामने से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही छोटे और मोहित दिवाकर उछलकर दूर जा गिरे। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, चालक बोलेरो लेकर भाग गया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों घायल दोस्तों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने छोटे को मृत घोषित कर दिया। जबकि, मोहित दिवाकर की हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अगर हेलमेट लगाया होता तो बच सकती थी जान
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार छोटे और मोहित दिवाकर ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। अगर हेलमेट लगाए होते तो शायद जान बच सकती थी। बाइक को घायल मोहित दिवाकर चला रहा था, उसी की बाइक थी।