अमरोहा में अभिनेता सलमान खांन का पुतला जलाकर नारेबाजी करते वाल्मीकि समाज के लोग।
टाइगर जिंदा है फिल्म में वाल्मीकि समाज पर की गई टिप्पणी के विरोध में शनिवार को समाज के लोगों ने आजाद मार्ग जाम कर खूब हंगामा किया। सलमान खान का पुतला फूंका। पोस्टर जलाए व माधो पैलेस में घुसकर होर्डिंग तोड़े और बैनर फाड़े। जोरदार नारेबाजी व प्रदर्शन किया। पता चलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम की युवकों से नोकझोंक हुई। इसके बाद उन्होंने गुस्साए युवकों को शांत किया। एहतियातन सिनेमा हॉल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इधर समाज के लोगों ने फिल्म से दृश्य नहीं हटाए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नवयुवक संघ के बैनर तले कार्यकर्ता माधो पैलेस के सामने जमा हुए। इसके बाद उन्होंने जाम लगाते हुए फिल्म अभिनेता सलमान खान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उसके पुतले को पहले जमकर पीटा और फिर आग लगा दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सिनेमाहाल के बाहर लगे होर्डिंग तोड़ने शुरू कर दिए। अंदर घुसकर बैनर आदि खींच लिए। इससे शो पूरी तरह बंद कर दिया गया। होमगार्डों को धक्का देकर बैनरों को फाड़ दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। संघ कार्यकर्ताओं का कहना था कि फिल्म में वाल्मीकि समाज पर अभद्र टिप्पणी की गई है। इससे समाज का अपमान हुआ है। सलमान खान को इसके लिए समाज से माफी मांगनी चाहिए।
हंगामे की खबर पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सुखवीर सिंह ने युवकों को समझाने की कोशिश की। इस पर युवकों की उनसे भी झड़पें हुईं। पुलिस की मौजूदगी में एसडीएम ने स्थिति को संभालते हुए युवकों को समझाया। बाहर जमा हुई भीड़ को पुलिस ने डंडा फटकार कर दौड़ाया। संघ ने स्पष्ट कहा है कि जब तक फिल्म से दृश्य नहीं हटाए जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान आकश टांक, सुमित मर्दान, राहुल, वीरन, शेखर, भरत टांक, गुलबहर, गुल्लू, मोहित, सचिन, गौरव, साहिल, सुमित, रोबिन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।