अमरोहा। एसआईआर यानी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य जिले में पूरा हो चुका है। हालांकि प्रदेश के कई जिलों में अभी पुनरीक्षण का काम पूरा न होने के कारण समय को और आगे बढ़ाया गया है। इस दौरान जिले में मतदाता सूची को और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके लिए 17 दिसंबर को यानी कल मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। यहां राजनीतिक पार्टियों के बीएलए समेत वर्तमान व पूर्व प्रधान के अलावा कई लोग मौजूद रहेंगे। जोकि अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृत, डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची आदि के संबंध में शिकायतों को दूर कराएंगे। जिले में 13.70 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को 1488 बीएलओ ने डिजिटाइज्ड किया है।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि एसआईआर अभियान के लिए चुनाव आयोग द्वारा समय को बढ़ा दिया गया है। अब 26 दिसंबर तक गणना प्रपत्रों को जमा कराया जा सकता है। 31 दिसंबर को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन होगा। जिले में हालांकि गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज्ड करने का काम पूरा हो गया है। लेकिन इसके बाद भी अगर कोई मतदाता संशोधन अथवा फार्म जमा कराना चाहता है, तो वह इस समय का लाभ उठा सकता है।
इसके लिए 17 दिसंबर को मतदान केंद्रों पर बीएलओ व राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट मौजूद रहेंगे। इसके अलावा वर्तमान व पूर्व प्रधान, राशन डीलर, पंचायत सहायक, सचिव व लेखपालों भी मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद