देहात थाना क्षेत्र के एक गांव के गुरुवार को कुछ लोगों ने प्रेमी प्रेमिका को संदिग्ध हालात में पकड़ लिया। गांव में पंचायत बैठी। लड़की पक्ष ने लड़के को गंजा और मुंह काला कर गांव में घुमाने की बात कही, नहीं तो रेप की रिपोर्ट दर्ज कराने धमकी दी।
पंचायत तो नहीं मानी, लेकिन लड़के पक्ष के लोगों ने दबाव में इसे स्वीकार कर लिया गया। तुगलकी फैसले के बाद प्रेमी को गंजा कर मुंह काला कर दिया गया। उसे गधे पर बैठा कर गांव में घुमाने की तैयारी थी, लेकिन तभी 100 नंबर पर मिली सूचना से पुलिस पहुंच गई। प्रेमी को थाने ले आई। मामले की जांच की जा रही है।
देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को प्रेमी-प्रेमिका को संदिग्ध हालात में पकड़ लिया था। पकड़ने वाले एक युवक ने युवती के परिजनों को मामले से अवगत करा दिया। पहले तो परिजनों ने युवक पर युवती को बदनाम करने का आरोप लगाया। पकड़ने वाले अन्य युवकों ने भी स्वीकार किया तो गांव में पंचायत बुला ली गई। पंच बैठे मामले की सुनवाई शुरू हुई।
लड़की पक्ष ने आरोपी प्रेमी को गंजा और मुंह काला कर गधे पर बिठाकर गांव में घुमाने की सजा सुनाने की मांग की। प्रेमी-प्रेमिका दोनों की गलती मानते हुए पहले तो पंचों ने इस तुगलकी सजा को सुनाने से इंकार किया। लड़की पक्ष की ओर से रेप की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी गई तो लड़का पक्ष बैकफुट पर आ गया। उन्होंने सजा को स्वीकार कर दिया।
आरोपी प्रेमी को गंजा कर उसका मुंह काला कर दिया गया। गधे पर बिठाकर गांव में घुमाने की बात शुरू हुई तो प्रेमी अड़ गया और गधे पर बैठने से इंकार कर दिया। इस दौरान किसी ने मामले कि शिकायत 100 पर पुलिस पर कर दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई, इससे पंचायत की तुगलकी फरमान परवान नहीं चढ़ पाया। सबको फटकार कर और मामले की जानकारी कर पुलिस प्रेमी को कोतवाली लेकर आई। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था।
कानून हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही ऐसे कृत्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी
आरोपियों के खिलाफ ली तहरीर, एक हिरासत में
पंचायत के तुगलकी फरमान की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आई। मामले में पीड़ित प्रेमी की ओर से पंचायत और गंजा करने वालों के खिलाफ तहरीर ली गई है। प्रेमी को गंजा करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में भी ले रखा है। एसओ मोहित चौधरी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर गंजा करने वाले दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।