मंडी धनौरा। वेव इंडस्ट्रीज के प्रबंधन के खिलाफ चल रहा भारतीय किसान यूनियन टिकैत का धरना शनिवार को प्रबंधन को दो टूक चेतावनी के साथ समाप्त हो गया। धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मिल प्रबंधन ने समझौता लागू करने में हीलाहवाली की तो बगैर सूचना के धरना शुरू कर दिया जाएगा। यूनिट हेड ने आश्वासन दिया कि वार्ता के दौरान किए गए समझौते का समयबद्ध तरीके से पालन किया जाएगा।
भाकियू कार्यकर्ता बीती 21 दिसंबर से वेव इंडस्ट्रीज के डिस्टलरी प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, गन्ना मूल्य भुगतान समय से कराने व यार्ड के निर्माण की मांग कर रहे थे। भाकियू कार्यकर्ता व मिल प्रबंधन के बीच 26 दिसंबर को समझौता हो गया था। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा था कि समझौता लागू होने पर ही धरना समाप्त किया जाएगा। शनिवार को मिल परिसर में महापंचायत का आयोजन किया गया था। महापंचायत में वेव इंडस्ट्रीज के यूनिट हेड एसपी तोमर ने कहा कि समझौते के तहत डिस्टलरी प्लांट में स्थानीय युवाओं को छह माह के भीतर रोजगार दिया जाएगा। गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के भीतर कराया जाएगा। भाकियू नेताओं ने कार्यकर्ताओं की सहमति से धरना समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझौता लागू करने में हीलाहवाली की तो आंदोलन किया जाएगा। दानवीर सिंह, गुरमीत सिंह, सौवीर सिंह, सुभाष चीमा, अशोक प्रधान, नौ सिंह, चंद्रपाल सिंह, जयपाल सिंह, सीता आर्य आदि मौजूद रहे।