बछरायूं। एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में हुए समझौते के बाद नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी पर काम पर लौट आए। शनिवार की सुबह से ही सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था में जुट गए। चार दिन से नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई थी।
गौरतलब है कि पालिका के सफाई कर्मचारी हड़ताल की अवधि के काटे गए तीन दिन का वेतन दिलाने व कोरोना काल के 52 रविवार का वेतन दिलाने की मांग कर रहे थे। दोनों ही मांगों के मामले में अधिशासी अधिकारी शासनादेश का हवाला देकर अपने स्तर से इन मांगों को पूरा करने में असमर्थता जाहिर कर रही थी। हड़ताल की अवधि का तीन दिन का वेतन पालिकाध्यक्ष राहत हसन ने निजी स्रोत से करने का आश्वासन दिया जबकि 52 रविवार के वेतन के लिए शासन को लिखने पर सहमति बनी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से नगर में चारों ओर गंदगी फैल गई थी। सफाई के लिए बाहर से बुलाए गए कर्मचारियों को हड़ताली कर्मचारियों ने काम नहीं करने दिया। वहीं दूसरी ओर हड़ताली कर्मचारियों को पालिका के ही कुछ कर्मचारियों की शह की चर्चा भी हो रही है।