मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की पंचायत में बिजली विभाग पर आरोप लगाया गया है कि बिलों में जमकर धांधली की जा रही है। बिजली अधिकारी व कर्मचारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। पंचायत में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई है।
भाकियू अराजनैतिक की एक पंचायत बुधवार को ग्राम पहाड़पुर इनायत में पूर्व प्रधान धर्मपाल सिंह के निवास पर आयोजित की गई। राष्ट्रीय महासचिव उम्मेद सिंह ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यशैली से किसान बेहद परेशान हैं। किसान बिजली बिलों में आ रही गड़बड़ी से परेशान हैं। पंचायत में रमपुरा खादर व मुस्तकम की नई खतौनी बनाने की मांग की गई। पंचायत में चालू पेराई सत्र के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंतल घोषित किए जाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बाढ़ से प्रभावित हुए गांवों में नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी मशीनरी को इस संबंध में कार्रवाई करनी चाहिए। तिगरी मेले में कैंप लगाने व संगठन का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की गई। इस मौके पर बिजेंद्र शर्मा, जीता सिंह, ऋषिपाल सिंह, गजेंद्र सिंह, साहब सिंह, होमपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, बलविंदर सिंह आदि मौजूद थे।