अमरोहा। बाल कृष्ण त्रिपाठी को अमरोहा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि यहां से उमेश मिश्र को इसी पद पर बिजनौर भेजा गया है। अमरोहा के नए जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा, उनकी पहली प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही शासन की प्राथमिकताओं के अनुसार काम होगा। लखनऊ से फोन पर उन्होंने बताया, बतौर जिलाधिकारी यह उनकी पहली पोस्टिंग है। उनके यहां आने वाले हर परिवादी की सुनवाई होगी। सभी को न्याय मिले और गलत लोगों को प्राथमिकता न मिले इस पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, अमरोहा को और भी बेहतर जिला बनाने के लिए वह काम करेंगे। नए जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी अमरोहा के डीएम बनने से पहले विशेष सचिव पंचायती राज विभाग थे। वह वर्ष 2008 बैच के आईएएस है। मूल रूप से कुशीनगर के रहने वाले हैं। अपनी प्राथमिकता को बताया कि कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण को दृष्टिगत स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराना सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का प्रयोग कराते हुए कार्य को करना व कोविड-19 के संक्रमण की चैन को तोड़ना, मरीजों में कमी लाना प्राथमिकता होगी।
प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से सजीदा है जिसमें शीर्ष प्राथमिकताओं के साथ समस्याओं पर ध्यान देने के साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना मेरी शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक होगी। जनपद के विकास कार्यों को गुणवत्तायुक्त युद्धस्तर व समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। शासकीय कार्यो में शिथिलता, लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही की जायेगी। टीम भावना से कार्य कराये जायेंगे तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखकर उनके विरुद्ध कार्यवाही भी की जायेगी।