जोया। संभल चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट बाइक सवार का चालान काटने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और दरोगा के बीच नोकझोंक हो गई। हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को डिडौली कोतवाली की हाईवे पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। दरोगा विनोद राठी ने बिना हेलमेट बाइक सवार राशिद अली को रोककर चालान कर दिया। बताया गया कि राशिद मंडल अध्यक्ष अरशद खान के कहने पर दवाई लेने जा रहा था। इसकी जानकारी पर अरशद खान आधा दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। चालान को लेकर उनकी दरोगा से काफी देर तक कहासुनी हुई। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि वह मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में करेंगे। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।