फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, बेटी घायल

Tue, 17 Oct 2023 01:48 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला (अमरोहा)। नेशनल हाईवे पर गांव मोहम्मदाबाद के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाइखेड़ा निवासी हरिओम (35) की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हरिओम और उसके बेटे पवन (8) की मौत हो गई। जबकि बेटी अंजलि (15) गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि शव मोर्चरी के लिए भेज दिए हैं।
विज्ञापन

हसनपुर के गांव बाइखेड़ा निवासी हरिओम की गजरौला थाना क्षेत्र के गांव जाटों वाली की ससुराल है। उसकी बेटी अंजलि अपनी ननिहाल में थी। सोमवार की शाम हरिओम अंजलि को बाइक से लेकर ससुराल से घर लौट रहा था। साथ में उसका आठ साल का बेटा पवन भी था। नेशनल हाईवे पर गांव मोहम्मदाबाद और ओसीता जगदेवपुर कट के पास पहुंचने पर उसकी बाइक में सामने आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और हरिओम और उसके बेटे पवन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी अंजलि गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर एकत्र राहगीरों की सूचना पर ब्रजघाट चौकी इंचार्ज राकेश बंसल और कुछ ही देर में थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ मंडी धनौरा श्वेताभ भास्कर का कहना है कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक व उसके बेटे की मौत हो गई। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।









हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
सड़क हादसे में हरिओम और उसके आठ साल के बेटे पवन के सिर में गंभीर घाव थे। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक चलाते समय हरिओम ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे में पिता-पुत्र की मौत होने बाद हर किसी की जुबां पर एक ही शब्द था कि यदि हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। बिना हेलमेट लगाकर बाइक चलाने की लापरवाही हरिओम के परिवार को कभी न भूलने वाला गम दे गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें