हसनपुर। गजरौला मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार गांव गंगाचोली निवासी मजदूर दीपक (20) की मौत हो गई। उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगाचोली निवासी दीपक, करण सिंह और अनिल सिंह मजदूरी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को वह मजदूरी के कार्य पर गांव से सिहाली जागीर गए हुए थे। देर शाम बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। हसनपुर गजरौला मार्ग पर गांव आगापुर की पुलिया के नजदीक सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें तीनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां दीपक को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके दोनों दोस्तों को गंभीर हालत में आया सेंटर रेफर किया गया है।
दीपक सात भाई बहनों में छोटा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत का मामला जानकारी में है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।