मंडी धनौरा। तहसील से अपने घर जा रही आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बाइक सवार दो बदमाश रुपये से भरा बैग छीन कर ले गए। बैग में 20 हजार रुपये नकद व दो मोबाइल फोन थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव पेलीतगा निवासी रीता त्यागी आंगनबाड़ी कार्यकत्री है। वह बृहस्पतिवार को किसी काम से तहसील आई थी। अपना काम पूरा करने के बाद वह शाम करीब सात बजे गांव जाने के लिए शेरपुर चुंगी से एक ई रिक्शा में सवार हुई थी। रीता त्यागी ने बताया कि चांदपुर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उसके हाथ से बैग छीन लिया। वे चांदपुर दिशा की ओर चले गए। रीता के शोर मचाने पर वहां लोग जमा हो गए।
रीता ने बताया कि बैग में 20 हजार रुपये की नकदी व दो मोबाइल फोन थे। रीता ने घटना की सूचना थोड़ी दूर पर स्थित रामपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार बदमाश नजर आ रहे हैं। रीता त्यागी ने बताया कि बाइक चला रहे बदमाश का चेहरा खुला था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने हेलमेट पहना हुआ था। रीता ने थाने में तहरीर दी है।
सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि रीता त्यागी की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच की रही है