हसनपुर भाकियू की बैठक में बोलते ब्लॉक अध्यक्ष काले सिंह।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। भारतीय किसान यूनियन की बैठक में किसानों ने कहा कि चेकिंग के नाम पर बिजली कर्मचारी किसानों से वसूली कर रहे हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि यदि विजिलेंस की टीम गांव में चेकिंग के लिए आएगी तो टीम का घेराव किया जाएगा। बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। शीघ्र ही भुगतान की मांग की गई।
बुधवार को मंडी समिति में आयोजित बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष काले सिंह ने कहा कि प्रथमा बैंक की शाखाएं तरह-तरह के चार्ज बताकर केसीसी रुपये काट रहे हैं। गांव पूठी में किसानों के घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। नीचे पचास से अधिक पशु बंधे रहते हैं। हादसे की आशंका बनी हुई है। कहा कि क्षेत्र में किसानों की फसलों को आवारा पशु खाकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रशासन से मांग की जाती है कि आवारा पशुओं को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने का काम किया जाए। आधार कार्डों में संशोधन नहीं होने से किसानों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में कई आधार कार्ड सेवा केंद्र खुलवाए जाएं। कहा कि किसान सम्मान निधि का लाभ पचास प्रतिशत किसानों को भी नहीं मिल पा रहा है। इस मौके पर मेवाराम सिंह, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सीता आर्य, कृपाल सिंह, शीशपाल सिंह, योगेंद्र सिंह, संतोष कुमार, कृपाल सिंह, समरपाल सिंह, राजपाल सिंह, नौ सिंह आदि मौजूद रहे।