अमरोहा। किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग पर भारतीय किसान यूनियन शंकर ने आंदोलन की चेतावनी दी है। छह अक्तूबर को संगठन महापंचायत और कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेगा। साथ ही मांगे न माने जाने पर आमरण अनशन व भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी है। सोमवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने इस संबंध में डीएम को संबोधित मांगपत्र भी सौंपा।
दिवाकर सिंह ने कहा कि गजरौला स्थित फैक्टरियों से लगातार हो रहे प्रदूषण से लोग परेशान है लेकिन इस संबंध में प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर सका है। इसके अलावा जिले के विकास के लिए अमरोहा विकास प्राधिकरण का गठन होना जरूरी है। गन्ने का मूल्य 518 रुपये प्रति क्विंटल, अवशेष भुगतान पर 15 प्रतिशत ब्याज दिए जाने, लापरवाह चीनी मिलों पर कार्रवाई करने, केसीसी सब्सिडी लौटाने आदि की मांगे उठाई गई।
उन्होंने मांग रखी कि गंगा धाम तिगरी से ब्रजघाट तक रिवर फ्रंट बनाकर पर्यटक स्थल घोषित होना चाहिए। नौगांवा क्षेत्र में तेंदुए के हमले से घायल किसानों को मुआवजा और दर्ज मुकदमों को वापस लिए जाने की मांग भी रखी। मध्य गंगा नहर फेज-2 बहजोई ब्रांच में तत्काल पानी छोड़ने, टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत कराए जाने, नकली खाद व पेस्टिसाइड की सैंपलिंग कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही उन्होंने गुलड़िया व हसनपुर तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय व सीओ कार्यालय का निर्माण भी कराए जाने की मांग की।