अमरोहा। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व मंगलवार को जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की। पर्व को लेकर सुबह से बाजारों में मिठाई और गोले की दुकानों पर भीड़ रही। बहनों ने खरीदारी के बाद भाइयों के घर पहुंचना शुरू कर दिया।
बहनों की आवाजाही बढ़ने से बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बसों में सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की हुई। जगह नहीं मिलने पर कई यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। कुछ यात्री खिड़कियों से बसों में प्रवेश करते नजर आए। दूरदराज की बहनों ने सोमवार शाम से ही भाइयों के घर जाना शुरू कर दिया था, जबकि आसपास के क्षेत्रों की बहनें मंगलवार को पहुंचीं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाने की बात कही।
पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि भैया दूज को यम द्वितीया और भ्रात द्वितीया भी कहते हैं। रक्षाबंधन के बाद यह भाई-बहन का दूसरा प्रमुख पर्व है। इस दिन बहनें तिलक लगाकर भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं, जबकि भाई उपहार देकर स्नेह जताते हैं।