अमरोहा। शटडाउन ने देने पर युवकों ने चौधरपुर बिजली में तैनात एसएसओ की पिटाई कर दी। बिजली घर में तोड़फोड़ की। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ को देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव लोदीपुर निवासी इकरार अहमद डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव चौधरपुर स्थित बिजलीघर पर एसएसओ के पद पर तैनात हैं। गुरुवार रात वह बिजलीघर पर वह ड्यूटी कर रहा था। करीब क्षेत्र के गांव धनपुरा निवासी कुछ लोग बिजलीघर पहुंचे और शटडाउन देने की मांग करने लगे। एसएसओ इकरार अहमद ने आधा घंटा बाद शटडाउन देने का हवाला दिया तो कहासुनी हो गई। उसके थोड़ी देर कुछ युवक फिर बिजलीघर पर पहुंचे और एसएसओ पर हमला कर दिया। उसकी बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया। बिजलीघर में तोड़फोड़ की और अभिलेख फाड़ दिए। एसएसओ के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर आ गए। ग्रामीणों को देखकर हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर देवेंद्र शर्मा ने बताया कि एसएसओ की तहरीर पर महबूब और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।