विकास खंड की ग्राम पंचायत शाहबाजपुर गुर्जर के प्राइमरी स्कूल में चपरासी श्रीराम त्रिवेदी को युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। चपरासी का आरोप है कि हमलावरों ने उससे 10 हजार रुपये की नकदी व सोने की अंगूठी भी छीन ली। चपरासी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पांच सितंबर की रात कार सवार व्यक्ति ने बाईपास मार्ग पर कई लोगों को टक्कर मार दी थी। इसमें नगर के मोहल्ला चामुंडा निवासी श्रीराम त्रिवेदी भी घायल हो गए थे। लोगों ने कार सवार व्यक्ति की जमकर पिटाई की थी। कुछ लोगों ने कार सवार की पिटाई करने की वीडियो बना ली थी। श्रीराम त्रिवेदी का आरोप है कि वह 24 सितंबर को छुट्टी के बाद गांव से घर लौट रहे थे। ग्राम मंढैया के पास नकाबपोश युवकों ने पांच सितंबर की घटना का हवाला देते हुए उस पर धारदार हथियार से हमला किया। उसके सिर में तमंचे की बट मारी गई। उसका आरोप है कि हमलावर 10 हजार रुपये की नकदी व सोने की अंगूठी भी छीन कर ले गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरव को वह घायलावस्था में पड़े मिले थे। चपरासी का आरोप है कि थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उसने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। वही प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इन्कार किया है।