अमरोहा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम शशांक चौधरी ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स को लोन स्वीकृत करने में मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैंक प्रबंधक फाइलों को स्वीकृत कराएं। एलडीएम नियमित प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। वह शनिवार को नगर पालिका में शहर के विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने एक एक बैंक के प्रबंधकों से लक्ष्य के सापेक्ष लोन स्वीकृति की समीक्षा की। प्रदेश सरकार ने शहर के 5,914 स्ट्रीट वेंडर्स को लोन देने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि शहर की सरकार ऑनलाइन करने में ढिलाई बरत रही है। महज 2,061 स्ट्रीट वेंडर्स के फॉर्म ऑनलाइन हुए हैं 1,347 स्वीकृत हुए हैं जबकि 1,170 को लोन मिला है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शशांक चौधरी ने स्ट्रीट वेंडर्स के ब्योरा कम ऑनलाइन किए जाने पर चिंता जाहिर की। अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किए कि ऑनलाइन की संख्या को बढ़ाए। किसी तरह की ढिलाई सहन नहीं होगी। संबंधित की जवाबदेही तय करें। एलडीएम प्रशांत कुमार ने बताया कि समन्वय बना कर लोन स्वीकृत कराएंगे। ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने स्ट्रीट वेंडर्स के फॉर्म ऑनलाइन में तेजी लाने का भरोसा दिया।