अमरोहा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लापरवाही पर डीएम ने दो अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाई है। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बुधवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी ने अपने कार्यालय पर चुनाव में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक ली। पूर्व में किये गए निरीक्षण के दौरान मिली शौचालय, रैंप, पेयजल व अधिशासी अभियंता द्वारा विद्युत लाइन, पंखे, बोर्ड, प्रकाश आदि की समुचित व्यवस्था सहित अन्य कार्य पूरे न कराए जाने पर नाराजगी जताई। कमियों को दूर करने में लापरवाही पर डीएम ने डीपीआरओ पारुल सिसोदिया समेत अधिशासी अभियंता अमरोहा के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चुनाव के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर कमियां पाई गई थी, उनको चार दिनों के भीतर ठीक करा लें। कहा कि पुनः समीक्षा बैठक की जाएगी और निरीक्षण भी कराया जाएगा। यदि फिर से कमी दिखती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन के लिए चयनित सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं रैंप, शौचालय, पेयजल, विद्युत सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूर्ण होनी चाहिए। यदि मतदान कर्मियों के निर्वाचन कराए जाने के समय कोई परेशानी हुई तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।