अमरोहा। दीपावली पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन निगम बसों में विशेष चेकिंग अभियान चलाएगा। बसों में पटाखे और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। रात एक बजे से सुबह सात बजे तक जांच होगी।
विज्ञापन
आठ नवंबर को दीपावली है। त्योहार से पहले लोग घरों को लौटने लगते हैं। कुछ यात्री चोरी-छिपे बसों में पटाखे ले जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा रहता है। परिवहन निगम की टीमें हाईवे और स्थानीय मार्गों पर बसों की जांच करेंगी। टोल प्लाजा के आसपास विशेष चेकिंग होगी और दिल्ली की ओर से आने वाली बसों पर खास नजर रखी जाएगी। शासन ने भी चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि बसों में पटाखे और ज्वलनशील पदार्थों की जांच रात एक से सुबह सात बजे तक की जाएगी। ऐसा कोई मामला मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। संवाद