थाना क्षेत्र के गांव तोमड़ा में मदरसे को मस्जिद का रूप दिए जाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार शाम बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर हंगामा किया। उनका मांग थी कि गांव में मस्जिद निर्माण के लिए एकत्र की गई सामग्री को वहां से हटाया जाए। पुलिस ने आश्वासन देखकर उनको शांत किया।
तोमड़ा गांव में हिंदू समुदाय के लोगों का आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के लोग मदरसे को मस्जिद का रूप देने के लिए अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं। एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने हिंदू समुदाय की शिकायत पर गांव पहुंचकर निर्माण बंद कर दिया था। पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में दोनों पक्षों के 38 लोगों को पाबंद भी किया है। रविवार की शाम विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने पुलिस से मस्जिद निर्माण के लिए एकत्र की गई सामग्री को जब्त करने और अवैध निर्माण को तोड़ने की मांग की। थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि इस संबंध में राजस्व विभाग द्वारा मौके की नापतोल कराई जाएगी। इस अवसर पर विहिप के जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, विपिन भारद्वाज, भूपेश, अंकित सागर आदि मौजूद थे।