जिला पंचायत की ओर से बनवाया गया शौचालय
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी ने कहा कि अगर सासें बहुओं को बेटियों की तरह प्यार करें तो घर की रार ही खत्म हो जाएगी। दोनों एक दूसरे की भावना को समझें और मिल जुलकर रहें। ऐसी मिसाल पेश करें, जिसकी तारीफ घर के सदस्य ही नहीं बल्कि हर शख्स की जुबां पर रहे।
कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित विश्व जनसंख्या स्थिरता नियंत्रण पखवाड़ा के अवसर व सास-बहू सम्मेलन कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सास-बहू के बीच घर में झगड़ा अच्छा नहीं रहता है। इसमें घर व संबंध दोनों में दरार पैदा होती है।
छोटा सा झगड़ा, बड़ा रूप ले लेता है। इसलिए दोनों को समझदारी दिखानी चाहिए। अगर बहू गलती करे तो सास का फर्ज है कि समझाकर ठीक कराएं। वह भी बेटी है, जब बेटी को समझा सकते हैं तो बहू को क्यों नहीं। बहू भी सास को मां के समान दर्जा दे। दोनों एक दूसरे को समझ गए तो समझो घर का झगड़ा ही खत्म हो गया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एसके जैन, एसीएमओ डा.रामजी वर्मा व पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह ने भी अपने विचार रखे। छोटे परिवार के फायदे व बड़े के नुकसान बताए। इसके अलावा अन्य तमाम जानकारियां उन्होंने उपलब्ध कराईं। सरकार द्वारा चल रही योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अन्य कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।