ढबारसी में करंट से मरने वाले युवक का फाइल फोटो
- फोटो : HASANPUR
ढबारसी। खंभे से आ रहा केबल जला होने पर युवक का पैर उस लग गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बगैर पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने घर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।
मामला तहसील क्षेत्र के गांव ढबारसी का है। गांव निवासी युवक शोविन(20) पुत्र निरंजन त्यागी रविवार की रात करीब नौ बजे घर की छत किसी काम से गया था। कुछ दिन पहले खंभे से आ रहा केबल जल गया था। रात में युवक का पैर केबल पर लग गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और घर के पिछले हिस्से में छत से नीचे आ गिरा। मृतक का बड़ा भाई सुनील जब छत पर सोने पहुंचा तो उसने परिजनों को शोविन के छत पर न होने की जानकारी दी। परिजनों ने घंटों गांव में तलाश किया। जब वह घर के आसपास की छतों पर तलाश कर रहे थे तभी परिजनों की नजर छत से युवक पर पड़ी। आननफानन ढबारसी के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार की सुबह परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और दूल्हेपुर अहीर के एचडीएसडी महाविद्यालय में स्नातक का छात्र था। सूचना पर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने घर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।