अमरोहा। इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाले आयुष्मान कार्डधारकों को वरीयता मिलेगी। आयुष्मान कार्डधारकों के लिए अस्पताल में आठ बेड का अलग से वार्ड बनाया गया है। जहां इन्हें भर्ती किया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान कार्डधारकों को जांच, इलाज और पर्चा बनवाने के लिए लाइन में नहीं खड़ा होना होगा।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत जिले में अब तक 44,200 आयुष्मान कार्ड बन चुके है। 601 आयुष्मान कार्ड धारक जिला अस्पताल में इलाज भी करा चुके है। आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर इलाज और विशेष सुविधा मुहैया कराने के लिए जिला अस्पताल में आठ बेड का वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में आयुष्मान कार्ड धारकों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों को जांच, परामर्श और पर्चा बनवाने के लिए लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। इन कामों के लिए उन्हें सबसे पहले वरीयता दी जाएगी। इसके लिए अस्पताल में पैथालॉजी लैब, रजिस्ट्रेशन काउंटर और डॉक्टरों के कक्षों के बाहर दीवार पर नोटिस चस्पा किया गया है। आयुष्मान योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधन के विशेष कुमार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारकों को अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए सीधी सुविधा मिलेगी।