एक नामचीन बैंक में पूर्व प्रधान से बैंक लोन दिलाने के नाम पर ठगने का प्रयास किया गया। पूर्व प्रधान को शक होने पर उन्होंने समझदारी दिखाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी भाग गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रझेडा के पूर्व प्रधान सतीश चौहान ने बताया कि कुछ दिन पहले बैंक में लोन के लिए आवेदन किया था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने आम के बाग में काम कर रहे थे। तभी उन्हें एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया। कहा कि जो लोन के लिए आवेदन किया था, उसके संबंध में बात करनी है और उन्हें बैंक बुलाया।
इसके बाद सतीश चौहान बैंक पहुंचे जहां उन्हें नौगावां सादात क्षेत्र के रहने वाले दो युवक मिले। उन्होंने सतीश चौहान से कहा कि लोन के लिए जो आवेदन किया था, उसमें कुछ कमी है, उसे पूरा कराने के लिए रुपये लगेंगे। सतीश ने बताया कि इसके बाद दोनों युवक उन्हें बैंक मैनेजर के ऑफिस में भी ले गए। दोनों की बातों से शक हुआ तो उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना कर दी। इस दौरान हंगामा हो गया। हंगामा होते देख युवक का दूसरा साथी भाग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। एक कार भी जब्त की गई है। जिसमें बैंक के लोन से संबंधित दस्तावेज भी हैं। सतीश का कहना है कि बैंक कर्मियों की भूमिका सही नहीं है। बैंक मैनेजर ने भी कोई सहायता नहीं की। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।