अमरोहा। दंपती के बीच विवाद निबटाने को जुटी पंचायत में हिस्ट्रीशीटर के भाई ने भतीजों के साथ मिलकर ससुराल वालों पर हमला कर दिया। तमंचे से अंधाधुंध फायर कर दिए। हमले में पहली पत्नी समेत पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, तमंचे के साथ गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया है।
नगर के मोहल्ला बाजार रज्जाक निवासी शुएब ने अपनी बहन जीनत की शादी मोहल्ला जाफरी के शान मोहम्मद के साथ की थी। शान मोहम्मद हिस्ट्रीशीटर जीशान का भाई है। ससुराल वालों से विवाद के चलते जीनत काफी दिनों से मायके में रह रही है। आरोप है कि दूसरी बीवी के साथ अलग घर में रह रहे शान मोहम्मद ने उसका खर्च देना बंद कर दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक इसी विवाद को लेकर शान मोहम्मद ने शनिवार रात ससुराल वालों को फैसला करने के लिए अपने घर बुलाया था। शुएब अपने साथ में बहन जीनत, भाई हसीन, वसीम, भाभी नईमा को लेकर वहां पहुंच गया।
आरोप है कि छत पर जुटी पंचायत में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। जिस पर शान मोहम्मद ने अपने भाई जीशान, भतीजे समीर और हारिस के अलावा दूसरी बीवी सबिया समेत अन्य लोगों को बुलाकर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर सभी को घायल कर दिया। तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शान मोहम्मद को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शान मोहम्मद का चालान कर दिया है।
-