अमरोहा। सीडीओ ने मंगलवार को कई बेसिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बोर्ड पर एक सहायक अध्यापिका ने ग्रीष्म शब्द गलत लिखा। जिस पर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल का शैक्षिक स्तर ठीक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने नौगांवा सादात के नौगांवा तगा, याहियापुर व बादशाहपुर का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय नौगांवा तगा में पंजीकृत 87 बच्चों के सापेक्ष केवल 52 बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापिका बताया कि बच्चों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। कंपोजिट ग्रांट से 12 बेंच भी बनाई गई हैं। स्कूल में सहायक अध्यापक सुमित चौधरी के अनुपस्थित पाए जाने पर बीएसए को स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। प्रधानाध्यापिका द्वारा स्कूल में टाइल न लगाने की शिकायत पर ग्राम प्रधान व सचिव को कार्ययोजना बनाकर इसे पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बादशाहपुर का निरीक्षण किया। यहां 58 बच्चों के सापेक्ष 38 छात्र उपस्थित थे। यहां विद्यालय के मुख्य अध्यापक द्वारा डिजिटल उपस्थिति लगाई गई थी। विद्यालय के दो कक्ष जर्जर पाए गए। प्रधानाध्यापक ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया के बाद क्रेता द्वारा केवल दस प्रतिशत राशि ही एसएमसी के खाते में जमा कराई गई है। इस पर सीडीओ ने पुन: नीलामी प्रक्रिया कराने के निर्देश दिए। कंपोजिट विद्यालय याहियापुर में प्रधानाध्यापिका चिकित्सा अवकाश पर मिलीं। सहायक अध्यापिका सादबी द्वारा बोर्ड पर ग्रीष्म शब्द गलत लिखा हुआ था। जिसे देख सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बीएसए को स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। यहां शैक्षिक गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। सीडीओ ने इसमें सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
-