पटवाई। क्षेत्र में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एक महिला ने एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। एंबुलेंस कर्मियों की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं तथा अस्पताल में भर्ती हैं। परिजनों ने एंबुलेंस कर्मियों का आभार जताया।
पटवाई थाना क्षेत्र के ऐजौरा गांव निवासी गनित कुमार की पत्नी लक्ष्मी को मंगलवार शाम करीब छह बजे प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने गांव की आशा संतोष को मौके पर बुलाया। आशा ने लक्ष्मी की पीड़ा बढ़ती देख पटवाई सेंटर पर मौजूद एंबुलेंस को सूचना देकर बुला लिया।
मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी लक्ष्मी को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। रास्ते में प्रसव पीड़ा काफी बढ़ गई। इस पर एंबुलेंस में तैनात एमटी धनसिंह और पायलट शीलचंद ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया। ईआरसीपी डॉ. अरविंद कुमार की सलाह पर प्रसव कराया गया और इसके बाद जच्चा-बच्चा को समय पर मिलक अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर चिकित्सा सेवा मिलने से मां और बच्चे दोनों की जान सुरक्षित रही। परिजनों ने एंबुलेंस कर्मियों का आभार व्यक्त किया।