अमरोहा। कोतवाली डिडौली पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाते हुए शातिर बदमाश को दबोचा है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मौके से छह कट्टे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
जनपद में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं चुनावी माहौल में आपराधिक गतिविधियों को लेकर सभी थाना क्षेत्र में पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। अवैध शराब व हथियार की तस्करी को लेकर बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चल रहा है। शनिवार की रात डिडौली पुलिस को सूचना मिली थी कि हटव्वा मार्ग पर एक आम के बाग में अवैध शस्त्र फैक्टरी का संचालन किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने अपनी टीम के साथ बताए गए बाग की घेरेबंदी कर ली। पुलिस टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसने अपना नाम दिल्लू उर्फ दिलदार उर्फ दिलशाद निवासी कस्बा जलालुद्दीनपुरा थाना किठौर जिला मेरठ बताया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। फरार साथी राशिद निवासी गांव भीकनपुर मुंडा बताया। तलाशी में बाग से 315 बोर के चार, 12 बोर के दो देसी कट्टे समेत 315 बोर के तीन अर्धनिर्मित कट्टे, तीन नाल, एक खोखा कारतूस व अवैध शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले हैं। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि गिरफ्तार दिल्लू शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ व अमरोहा में हत्या, लूट, जानलेवा हमला करने समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। जमानत पर जेल से छूटने के बाद आर्थिक लाभ कमाने के लिए अवैध रूप से हथियारों की तस्करी कर रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।