अमरोहा। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण के आवेदन 19 जनवरी तक होंगे। अभी तक करीब 523 आवेदन हो चुके हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच की जाएगी। जिसके बाद पात्र आवेदकों का लॉटरी के जरिये चयन किया जाएगा।
जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश दिया जाता है। शैक्षिक सत्र के बीच में प्रवेश से बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए इस बार दिसंबर माह से ही आवेदन व स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण के तहत प्रवेश के लिए आवेदन व स्कूलों के आवंटन की प्रक्रिया लॉटरी के जरिये पूरी कर दी गई है। पहले चरण में 763 आवेदन हुए थे, जिसमें बीएसए की जांच में 144 आवेदन निरस्त कर दिए गए थे।
लॉटरी से 474 बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया गया था। अब दूसरे चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने को 19 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इसके बाद बीएसए स्तर पर आवेदनपत्रों की जांच की जाएगी। जांच में प्रमाणपत्र सही पाए जाने वाले आवेदकों को लॉटरी की प्रक्रिया में शामिल कर स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। बीएसए डॉ. मोनिका ने बताया कि दूसरे चरण के तहत 523 आवेदन आ चुके हैं। इच्छुक आवेदक वेबसाइट rte25.up sdc .gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।