कृषि गोष्ठी में बोलते हुए विधायक राजीव तरारा
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। भाजपा विधायक राजीव तरारा ने अधिकारियों से अपील की है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को पूरी पारदर्शिता के साथ दिया जाए। वह उद्यान विभाग द्वारा आयोजित औद्यानिक कृषि गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसानों की आय दोगुनी करने की है। इसके लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे परंपरागत खेती को छोड़कर आधुनिक खेती करें ताकि उनकी आय बढ़ सके। कृषि विज्ञान केंद्र गजरौला के प्रभारी डा. एके मिश्रा ने सहफसली खेती पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को गन्ने के साथ फूलों की खेती पर ध्यान देना चाहिए। इससे उनकी आय में बढ़ोत्तरी होगी। एसडीएम मांगेराम चौहान ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके कार्यालय को भी दी जाए ताकि उनका प्रचार कराया जा सके। जिला उद्यान अधिकारी सर्वेश चंद ने विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्टाल लगाए गए थे। गोष्ठी में जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, एडीओ पंचायत सीपी सिंह, कृषि वैज्ञानिक शीशपाल सिंह आदि मौजूद थे। संचालन विशंभर सिंह ने किया।