बच्चों का शैक्षिक स्तर को परखने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की और से निपुण एसेसमेंट टेस्ट की व्यवस्था की गई थी। जिसके तहत सरल एप पर बच्चों के शैक्षिक बोध को परखा जाता है, लेकिन इस बार परीक्षा की व्यवस्थाओं में काफी कुछ बदलाव किया गया है। स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा की और से जारी हुए सर्कुलर के तहत अबकी बार परीक्षा का मूल्यांकन सरल की बजाय परख एप पर होगी। परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली ओएमआर शीट शिक्षकों को परख एप पर अपलोड करनी होंगी। इसके लिए जिला समन्वयक प्रशिक्षण, एसआरजी, एआरपी और शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए यू-ट्यूब सेशन का आयोजन भी होगा। परीक्षा से दो सप्ताह पूर्व डीएम की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन भी होगा।
15 मिनट पहले खोला जाएगा प्रश्नपत्र
परीक्षा नकलविहीन संपन्न हो, इसके लिए फ्लाइंग स्क्वायड का गठन भी होगा। परीक्षा से 15 मिनट पहले प्रश्नपत्र प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की मौजूदगी में खोला जाएगा। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम का गठन भी किया जाएगा। कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों को हिंदी और गणित, चार व पांच के छात्र-छात्राओं को हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन, जबकि छह से आठ तक के विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्नों के जवाब देने होंगे। परीक्षा का आयोजन 22 व 23 नवंबर को होगा। परीक्षा के लिए बजट का निर्धारण भी कर दिया गया है। जिले में 2.13 लाख रुपये परीक्षा के आयोजन पर खर्च किए जाएंगे।
- परीक्षा के आयोजन की तैयारियों को लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए है। परीक्षा के बजट का भी निर्धारण कर दिया गया। - डॉ. मोनिका बीएसए