अमरोहा। सुपर नॉकआउट क्रिकेट मुकाबले में अंसारी वॉरियर्स ने दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मुरादाबाद की टीम को 151 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। मैच में अंसारी वॉरियर्स के बल्लेबाजों ने जहां तूफानी अंदाज में रन बटोरे, वहीं गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन कर विरोधी टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अंसारी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 227 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज गौरव ने शुरू से ही मोर्चा संभालते हुए महज 25 गेंदों में 66 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद अहमद रजा ने पारी को मजबूती दी और 27 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया।
मध्यक्रम में कुछ विकेट जल्दी गिरने के बावजूद निचले क्रम में कसिम सैफी ने शानदार जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने 18 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। शिवा सिंह ने भी तेज 24 रन जोड़कर स्कोर को मजबूत किया। मुरादाबाद की ओर से गेंदबाजी में मोहित शर्मा, अक्षय त्यागी, निशांत ठाकुर और तुषार त्यागी ने दो-दो विकेट जरूर हासिल किए, लेकिन वह रन गति पर अंकुश नहीं लगा सके। 228 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुरादाबाद की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अंसारी वॉरियर्स के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ घातक गेंदबाजी की, जिससे बल्लेबाज खुलकर खेल नहीं सके। पूरी टीम मात्र 10.3 ओवरों में 76 रन बनाकर सिमट गई। गेंदबाजी में मोहम्मद नबील सबसे सफल रहे। उन्होंने मात्र 2 ओवर में 6 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके और मुरादाबाद की कमर तोड़ दी। शिवा सिंह और मोहम्मद अरबाज ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। अहमद रजा ने भी एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया। मुरादाबाद की ओर से रोहित ने सर्वाधिक 18 रन बनाए, जबकि तुषार त्यागी ने 13 और मोहित शर्मा ने 10 बनाए। अन्य बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। मुरादाबाद के लिए यह मुकाबला पूरी तरह निराशाजनक रहा।