बुर्के में डांस करते छात्र। वीडियो ग्रैब
अमरोहा। स्कूल के कार्निवल फेस्टिवल में धुरंधर फिल्म के गाने पर बुर्के में डांस का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले में छात्र माफी मांग चुके हैं। लेकिन, वायरल वीडियो को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में गुस्सा है। इस मामले में तीन दिन से बहस छिड़ी हुई है।
बृहस्पतिवार को कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने एसपी कार्यालय से लेकर थाना नौगांवा सादात थाने तक हिजाब का मजाक उड़ाए जाने की घटना बताते हुए विरोध किया है। पुलिस वीडियो की जांच में जुटी हुई है।
ये मामला शहर में संचालित एक स्कूल से जुड़ा है। सोमवार को स्कूल में विंटर कार्निवल फेस्टिवल हुआ था। इसमें स्कूल के कुछ पुराने छात्र भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद करीब सात-आठ लड़कों ने धुरंधर फिल्म के गाने पर खूब डांस किया। इसमें तीन लड़के बुर्का पहने हुए थे, उन्होंने हिजाब भी लगा रखा था। डांस के बीच एक छात्र ने बुर्के पहने लड़के को गोद में उठाकर गाने पर आपत्तिजनक स्टेप किए। छात्र-छात्राओं ने उनके स्टेप पर जमकर हूटिंग की थी। बुर्के में डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से हंगामा मच गया है। गर्दन फंसती देख कर स्कूल प्रधानाध्यापिका के अलावा लड़कों ने इस प्रकरण पर माफी मांग ली। लेकिन बुर्के की तौहीन और मजहब का मजाक उड़ाए जाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
इसी बीच बृहस्पतिवार को फिर से स्कूल में बुर्के में हुए डांस का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिनमें बुर्का पहने तीन लड़के स्कूल के मैदान में घूमते हुए डांस करते दिख रहे हैं। शिक्षिकाएं उनके डांस पर तालियां बजाती हुई दिख रही हैं। इसके बाद लोगों के बीच पनपा गुस्सा और ज्यादा भड़क गया।
शहर निवासी एडवोकेट जीशान पाशा की अगुवाई में युवकों ने इस संबंध में एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपा तो वहीं केंद्रीय लोक निवारण समिति पदाधिकारियों ने थाना नौगांवा सादात पहुंच कर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। सीओ अवधभान भदौरिया ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। संवाद